जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में अवैध कोयला खनन और तस्करी को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है. नाला थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है.

पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने तत्काल प्रभाव से नाला थाना प्रभारी को हटाते हुए पुलिस केंद्र भेज दिया है. इसके साथ ही जिले में कानून- व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आठ पुलिस अवर निरीक्षकों का तबादला किया गया है.
तबादले के तहत पुलिस अवर निरीक्षक किशन कुमार को मिहिजाम से बागडेहरी थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं बागडेहरी थाना प्रभारी प्रदीप राणा को मिहिजाम थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है.
बिंदापाथर थाना प्रभारी विकास कुमार यादव को नाला थाना का नया प्रभारी बनाया गया है. वहीं करमाटाड़ थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी को पुलिस केंद्र जामताड़ा भेजा गया है.
इसके अलावा जामताड़ा थाना में कार्यरत अलखनाथ चोबे को करमाटाड़ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. नाला थाना प्रभारी रहे राजीव रंजन कुमार को पुलिस केंद्र भेज दिया गया है. नारायणपुर थाना में पदस्थापित विनय कुमार यादव को बिंदापाथर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे को डीसीबी शाखा, पुलिस कार्यालय जामताड़ा में पदस्थापित किया गया है. इस कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. माना जा रहा है कि अवैध कोयला कारोबार पर सख्ती और कानून- व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है.

