जामताड़ा: राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) के अंतर्गत आगामी 30 अक्टूबर को जामताड़ा के इनडोर स्टेडियम में पांच प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शुरू होगा. इसका उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है.


पांच विधाओं में होगा मुकाबला
आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में लोक नृत्य (सामूहिक), लोक गीत (सामूहिक), चित्रकला (एकल), नुक्कड़ नाटक (सामूहिक) और कविता लेखन (एकल) शामिल हैं. लोक नृत्य एवं लोक गीत प्रतियोगिताओं में सात प्रतिभागियों के साथ तीन सपोर्ट स्टाफ की टीम भाग ले सकेगी. वहीं, नुक्कड़ Just के लिए दस प्रतिभागियों की टीम निर्धारित की गई है. चित्रकला और कविता लेखन प्रतियोगिताओं में एक-एक प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे.
15 से 29 वर्ष के युवा करा सकेंगे पंजीकरण
प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु सीमा 15 से 29 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु की गणना 17 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी. इच्छुक युवा MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं. इसके अलावा जिला खेल कार्यालय, जामताड़ा में भी अपना नाम दर्ज करा सकते हैं.
प्रतियोगिताओं से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला खेल समन्वयक के मोबाइल नंबर 8409404039 पर संपर्क किया जा सकता है.
पिछले वर्ष के राष्ट्रीय विजेताओं के लिए विशेष नियम
वर्ष 2025 में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग ले चुके विजेता प्रतिभागी इस वर्ष उसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. हालांकि, वे अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र होंगे. प्रत्येक प्रतियोगिता में एक प्रतिभागी अथवा एक टीम को ही भाग लेने की अनुमति होगी.
लोक नृत्य एवं लोक गीत प्रतियोगिताओं में शामिल सपोर्ट स्टाफ की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है.
जामताड़ा जिले का निवासी होना अनिवार्य
जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले कलाकारों का जामताड़ा जिले का निवासी होना अनिवार्य है. प्रतिभागियों को अपने वाद्य यंत्र भी स्वयं लाने होंगे.
जिला प्रशासन ने जिले के इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि पर प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

