रांची: भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता हरेलाल महतो शनिवार को राजधानी रांची में आयोजित भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक में शामिल हुए. कांके-सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्विट हॉल में आयोजित इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की.


पहली बैठक में शामिल होकर उत्साहित दिखे हरेलाल महतो
बैठक में शामिल होने के बाद हरेलाल महतो ने कहा कि भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद प्रदेश कार्यसमिति की यह उनकी पहली आधिकारिक बैठक थी. इसमें शामिल होकर उन्हें सुखद अनुभव हुआ. उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और सम्मानित जनप्रतिनिधियों से महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जो उनके लिए काफी उपयोगी रहा.
संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
हरेलाल महतो ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करने पर विशेष चर्चा हुई. उन्होंने कहा कि बैठक में मिले मार्गदर्शन से संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
कानून-व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर हमला
राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर हरेलाल महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और आए दिन लूट, चोरी, छिनतई, हत्या तथा दुष्कर्म जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं. उनके अनुसार, राज्य सरकार इन घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल नजर आ रही है.
जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी भाजपा
हरेलाल महतो ने कहा कि भाजपा राज्य की जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने राज्य के मौजूदा हालात को लेकर सरकार की जवाबदेही तय करने और जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद करने की बात कही.
रिपोर्ट: सुमंगल कुंडू

