सरायकेला: आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति 12 अप्रैल रविवार को चांडिल के पुड़ी सिल्ली (डोबो) स्थित एनवीआर रिसोर्ट सभागार में डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती समारोह धूमधाम से आयोजित करेगी. इसकी जानकारी समिति के अध्यक्ष और आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने दी.

कार्यक्रम की सफलता को लेकर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पुरेंद्र नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. समारोह के दौरान बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलकर उनके सपनों का समतामूलक समाज बनाने का संकल्प लेने की बात कही गई. साथ ही उनके विचारों को जन- जन तक पहुंचाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में सामाजिक न्याय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को भी उठाया गया. इसमें जनसंख्या के अनुपात में एसटी, एससी और ओबीसी वर्ग को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने, निजी क्षेत्रों में आरक्षण लागू करने, तथा लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा, विधान परिषद, शहरी निकायों और जिला परिषदों में भी समानुपातिक आरक्षण की मांग की गई. इसके अलावा सभी विभागों में ठेकेदारी कार्यों में भी आरक्षण लागू करने की बात कही गई. बैठक में एसएन यादव, देव प्रकाश, संजय कुमार, भुनेश्वर यादव एवं कुमार विपिन बिहारी प्रसाद समेत अन्य लोग उपस्थित रहे.

