जामताड़ा: रेलनगरी चित्तरंजन के गंगा बोटिंग क्लब में नाबालिग बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय सुजीत ठाकुर उर्फ छोटू के रूप में हुई है. उसे चित्तरंजन के रोड नंबर 38 स्थित एक रेलवे आवास से गिरफ्तार किया गया.


जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को करीब साढ़े दस वर्ष की बच्ची अपने माता-पिता के साथ गंगा बोटिंग क्लब घूमने गई थी. इसी दौरान उसके साथ कथित छेड़छाड़ की घटना हुई. मामले की जानकारी मिलने के बाद चित्तरंजन पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की. घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और बच्ची से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया गया.
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
आरोपी की तलाश में चित्तरंजन पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छानबीन की. जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध के रोड नंबर 38 स्थित रेलवे आवास में रहने का सुराग मिला. इसके बाद संयुक्त टीम ने आवास पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जाता है कि आरोपी मूल रूप से मिहिजाम का निवासी है और अपने भाई के रेलवे आवास में रह रहा था. पुलिस उसके संभावित आपराधिक संपर्कों और अन्य घटनाओं में संलिप्तता के पहलुओं की भी जांच कर रही है. हालांकि, किसी अन्य घटना में उसकी संलिप्तता की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है.
पॉक्सो एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई
मामले में पॉक्सो अधिनियम समेत अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई की अहम उपलब्धि माना जा रहा है. त्वरित कार्रवाई से पीड़ित बच्ची के परिजनों को राहत मिली है.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

