जमशेदपुर: दुर्गा पूजा और विसर्जन के दौरान शहर में कथित तौर पर बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे दो अपराधियों को उलीडीह थाना पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों को मानगो स्थित मुर्गा मैदान के पास से पकड़ा गया. पुलिस का दावा है कि समय रहते हुई कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया गया.


प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या का बदला लेने के इरादे से इलाके में घूम रहे थे. उनकी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हथियार के साथ पकड़ लिया.
मामले का खुलासा सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेस वार्ता में किया. उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके इरादे तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों के निशाने पर कौन था और बरामद हथियार कहां से लाया गया था. मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.

