जमशेदपुर: महिला विश्वविद्यालय में 13 अप्रैल 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (IDY 2026) के 100 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम इंडियन योग एसोसिएशन (IYA) झारखंड राज्य समिति द्वारा अपनी सहयोगी संस्था ग्रामीण उपकार संस्थान के साथ मिलकर आयोजित किया जा रहा है. यह पहल आयुष मंत्रालय के निर्देशन में संचालित है.

13 अप्रैल को आयोजित यह कार्यक्रम काउंटडाउन का 69वां दिन होगा. इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘योग कल्याण, ज्ञान और विश्व शांति’ निर्धारित की गई है. विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. इला कुमार के निर्देशानुसार मुख्य कार्यक्रम बिष्टुपुर कैंपस स्थित खरकई ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे से एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला के रूप में आयोजित होगा.
इसके साथ ही सुबह 7 बजे से 8 बजे तक प्रातःकालीन सत्र में योगासन, प्राणायाम और ध्यान का आयोजन किया जाएगा. यह सत्र विश्वविद्यालय परिसर के साथ- साथ सिदगोड़ा स्थित राम कृष्णा मिशन इंग्लिश स्कूल, एलएफएस टेल्को, एनआईटी जमशेदपुर, गायत्री मंदिर और पतंजलि लिविंग योग हॉल में भी आयोजित होगा.
इस कार्यक्रम में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है. साथ ही आम नागरिक भी इस योग कार्यक्रम में निःशुल्क भाग ले सकते हैं.
कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. सुधीर कुमार साहू ने दी. इस मौके पर डॉ. सलोमी कुजूर, डॉ. किशोर, डॉ. सनातन दीप, कालिदास तिवारी और अमित कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे.

