चांडिल: प्रखंड के रामगढ़ टोला रस्काडीह में वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों को अब पानी के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर दूसरे टोले तक जाने की मजबूरी से काफी हद तक राहत मिल गई है. ईचागढ़ विधायक सविता महतो की निजी पहल से गांव के कुएं में समरसेबल पंप लगाकर पाइपलाइन के जरिए पानी गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है.


ग्रामीणों के अनुसार गांव का चापाकल पानी नहीं दे रहा था. इसके कारण महिलाओं समेत अन्य लोगों को दैनिक जरूरत का पानी लेने के लिए दूसरे टोले जाना पड़ता था. इस दौरान एनएच पार करना पड़ता था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था.
35 हजार की लागत से पंप, पाइपलाइन और पानी टंकी
ग्रामीणों की समस्या सामने आने के बाद विधायक सविता महतो ने निजी स्तर पर करीब 35 हजार रुपये की लागत से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था कराई. कुएं में समरसेबल पंप लगाने के साथ करीब 750 फीट पाइपलाइन बिछाई गई. चबूतरा बनाकर 2000 लीटर क्षमता की पानी टंकी भी लगाई गई है.

विधायक ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर नई पेयजल व्यवस्था का उद्घाटन किया. पानी गांव तक पहुंचने पर ग्रामीणों ने राहत जताते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया.

मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, दिलीप महतो, शिव शंकर लायेक, तारापदो सिंह, मंटू गोराई, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

