जमशेदपुर: झारखंड के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के प्रयासों के लिए कृषि निर्यातक एवं ऑल सीजन्स फार्म फ्रेश के निदेशक अब्दुल हमीद खान को ‘रियल लाइफ हीरो’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया. कोलकाता के गोल्डन ट्यूलिप होटल में संयुक्त राष्ट्र दिवस के अवसर पर कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से आयोजित अंतरराष्ट्रीय क्रेता-विक्रेता बैठक एवं निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया.


झारखंड से दुबई भेजी गई ताजी सब्जियों की पहली खेप
अब्दुल हमीद खान को झारखंड से पहली बार ताजी सब्जियों की खेप दुबई निर्यात करने की पहल और राज्य के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया. उनकी इस पहल को झारखंड के कृषि निर्यात को नई दिशा देने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
किसानों और महिला आदिवासी किसानों को बाजार से जोड़ने की पहल
खान का उद्देश्य झारखंड के किसानों, विशेषकर महिला आदिवासी किसानों और किसान उत्पादक संगठनों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना है. उनकी संस्था राज्य के प्रसिद्ध आम्रपाली आम सहित अन्य स्थानीय कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रही है.
सम्मान किसानों को समर्पित
अब्दुल हमीद खान ने कहा कि यह सम्मान झारखंड के किसानों, महिला आदिवासी किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े सभी सहयोगियों को समर्पित है. उन्होंने राज्य से कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ाने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के अपने संकल्प को दोहराया.
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड के गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादों को दुनिया के बाजारों तक पहुंचाकर राज्य को अंतरराष्ट्रीय कृषि व्यापार में नई पहचान दिलाना है.

