जामताड़ा: विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर, जामताड़ा की ओर से स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया. “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए दौड़ें और चलें” थीम पर आयोजित मैराथन में 137 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक ने दौड़ और पैदल चलकर नियमित व्यायाम एवं सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया. डीएन हाई स्कूल के बैंड की प्रस्तुति ने आयोजन को और आकर्षक बनाया.


मैराथन में विभिन्न आयु वर्ग के विजेताओं को मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राधा कृष्णन ने सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में फिजियोथेरेपी का महत्व लगातार बढ़ रहा है. नियमित व्यायाम और शारीरिक सक्रियता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है. समाजसेवी तरुण गुप्ता ने भी प्रतिभागियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की. 
महिला वर्ग में रंटी चंद्रा प्रथम, मंजू देवी राठी द्वितीय और सुनीता चौधरी तृतीय रहीं. 60 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में सफल राय प्रथम, प्रबोध चंद्र द्वितीय, प्रदोष सरकार तृतीय और पार्थ कुमार बोस चतुर्थ रहे. वहीं 60 वर्ष से कम पुरुष वर्ग में अशोक बर्मन ने पहला, उत्तम पांडेय ने दूसरा और लक्ष्मण पोद्दार ने तीसरा स्थान हासिल किया.
विशेषज्ञों ने बताए फिजियोथेरेपी और स्वस्थ जीवन के उपाय
कार्यक्रम के दूसरे चरण में फिजियो आर्ट वेलफेयर फाउंडेशन की विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया. पटना की डॉ. निधि ने हृदय स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम, संतुलित खान-पान और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी. न्यूरो फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. ऋतिक मिश्रा ने साइटिका के कारण और फिजियोथेरेपी से उसके प्रबंधन की जानकारी दी. रांची के डॉ. राहुल सिंह ने पक्षाघात के मरीजों के उपचार और पुनर्वास में आधुनिक फिजियोथेरेपी की भूमिका पर प्रकाश डाला.
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 126 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य जांच एवं फिजियोथेरेपी सेवाओं का लाभ लिया. लकवा, गठिया, कमर दर्द, साइटिका, कंधे में जकड़न और ऑपरेशन के बाद होने वाली समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञों ने परामर्श दिया. कैल्शियम, ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन की निःशुल्क जांच भी की गई.
रक्तदान शिविर में 11 यूनिट रक्त संग्रह
कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में 11 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. इसमें सौगत महतो, डॉ. भास्कर चंद, राजशेखर, हनिफ अंसारी, आर्यन अंसारी, राम महतो, जीत सरकार, हिमांशु मुर्मू, जतिन पशुरामका, सूरज कुमार पासवान और अभिजीत कुमार ने रक्तदान किया.
हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर के निदेशक डॉ. भास्कर चंद ने कहा कि 10 वर्ष के बच्चों से लेकर 90 वर्ष तक के बुजुर्गों को एक मंच पर लाकर स्वस्थ जीवन का संदेश देना आयोजन की बड़ी उपलब्धि रही. संस्था “स्वस्थ जामताड़ा- सक्रिय जामताड़ा–पीड़ामुक्त जामताड़ा” के संकल्प के साथ आगे भी स्वास्थ्य, फिटनेस, फिजियोथेरेपी और सामाजिक सेवा के कार्यक्रम जारी रखेगी.
कार्यक्रम में फिट इंडिया जामताड़ा, आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा, जामताड़ा वॉलंटरी ब्लड डोनर संगठन, पेंशन संगठन और श्रीश्री गणेश पूजा समिति सहित विभिन्न संगठनों ने सहयोग किया. आयोजन की सफलता में हीलिंग हैंड्स फिजियोथेरेपी सेंटर की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

