जामताड़ा: दस दिवसीय गणेश पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. थाना प्रभारी प्रदीप राणा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर प्रभाग के निरीक्षक अब्दुल रहमान मुख्य रूप से उपस्थित रहे. बैठक में पूजा और मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा पुलिस-प्रशासन और पूजा समिति के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.


बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष जय श्रीदेवी, उपाध्यक्ष महावीर राय, नगर प्रबंधक विजय कुमार, नाजिर रामू बाउरी सहित कई पार्षद शामिल हुए. गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष संदीप शर्मा और समिति के अन्य सदस्यों ने भी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अपने सुझाव रखे. शांति समिति के सदस्यों ने आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए आयोजन को सफल बनाने पर जोर दिया.
पूजा के दौरान पुलिस रहेगी मुस्तैद
नगर प्रभाग के निरीक्षक अब्दुल रहमान ने कहा कि गणेश पूजा के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा. उन्होंने पूजा समिति एवं स्थानीय लोगों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की, ताकि दस दिवसीय आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके.
थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में वर्दीधारी जवानों के साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें. शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी.
बैठक में प्रो. कैलाश साव, कमल गुप्ता, अमिता टुडू, शांति देवी, उमेश झा, शिवधन हांसदा, दानिश रहमान, अरुण दास, इम्तियाज खान, सतपाल यादव, पुलू यादव, बालमुकुंद रविदास, इरशाद आलम, शैलेंद्र यादव, रंजू पासवान, रमेश रजक, राहुल शर्मा, पूना बाउरी और प्रकाश रजक सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

