
जामताड़ा: समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में आगामी मुहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आलोक कुमार ने की. बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रखंडों और थाना क्षेत्रों से आए शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया.


बैठक में मुहर्रम जुलूसों की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती, जुलूस मार्गों का सत्यापन, लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी अखाड़ों की निगरानी, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, कंट्रोल रूम, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी ताजिया जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएं और अखाड़ा समितियां स्थानीय थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारियों के संपर्क में रहें. उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज में तनाव फैलाने या कानून- व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उपायुक्त ने बताया कि मुहर्रम के दौरान व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और ऐसी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें. उन्होंने यह भी बताया कि पर्व के दौरान जिले में ड्राई डे लागू रहेगा तथा सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रखा जाएगा.
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान और अनुशासन का पर्व है. सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं. उन्होंने ताजिया की ऊंचाई को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में शांति समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने की अपील की. किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क करने की सलाह भी दी गई.
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शांति समिति के सदस्यों ने स्थानीय समस्याओं और आवश्यक व्यवस्थाओं से प्रशासन को अवगत कराया, जिस पर अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया. कार्यक्रम का संचालन अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने किया.
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बैसरा, उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






