सरायकेला: तिरुलडीह थाना क्षेत्र के पांडरा गांव में सोमवार को हुए वज्रपात में दो महिलाओं की मौत और तीन महिलाओं के घायल होने की घटना के बाद मंगलवार को आजसू नेता सह समाजसेवी हरेलाल महतो पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. उन्होंने मृतका मुक्ता महतो और सोनामनी महतो के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.


मंगलवार को दोनों महिलाओं के शव गांव पहुंचने के बाद पूरे पांडरा में मातम का माहौल रहा. इसी बीच हरेलाल महतो पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि वज्रपात में दो महिलाओं की असमय मौत बेहद पीड़ादायक है.

हरेलाल महतो ने वज्रपात में घायल तीन महिलाओं के परिजनों से भी मुलाकात की और अस्पताल में चल रहे उनके इलाज एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के लिए जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.

इस दौरान हरेलाल महतो ने मृतक एवं घायल महिलाओं के परिजनों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार इस संकट की घड़ी में खुद को अकेला न समझें. आगे भी आवश्यकता पड़ने पर उनके स्तर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा.
उन्होंने वज्रपात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की. हरेलाल महतो ने कहा कि बरसात के दौरान बिजली कड़कने पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचना चाहिए. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, बबलू महतो, बुधेश्वर महतो, बाजीनाथ महतो, मेघनाथ महतो सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

