चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) उत्कर्ष कुमार शनिवार को सोनुआ पहुंचे. यहां उन्होंने सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल के साथ प्रखंड कार्यालय सभागार में बीडीओ एवं अन्य कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.


लंबित आवासों को जल्द पूरा करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान डीडीसी ने लंबित आवास योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए. साथ ही मनरेगा के तहत जरूरतमंदों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.
15वें वित्त आयोग की योजनाओं में तेजी लाने पर जोर
डीडीसी ने पंचायतों में 15वें वित्त आयोग की राशि से संचालित विकास योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने को कहा.
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
डीडीसी ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कार्यों में अनावश्यक देरी या जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की चेतावनी दी.

बैठक में एपीओ विवेक कुमार पाढ़ी, बीडीओ सोमनाथ उरांव, बीपीओ शीतल सिंकू सहित विभिन्न पंचायतों के पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक उपस्थित थे.
रिपोर्ट: जयंत प्रामाणिक

