जामताड़ा/ Manish Baranwal मिहिजाम के अमोई स्थित न्यू जनरेशन स्कूल परिसर में संचालित फाइन आर्ट सेंटर की वार्षिक परीक्षा सत्र 2025-26 सफलतापूर्वक संपन्न हुई. इस परीक्षा में विभिन्न वर्गों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.

परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों से मौखिक (वाइवा) और चित्रांकन (ड्राइंग) दोनों प्रकार की परीक्षाएं ली गईं. छोटे बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक सभी ने रंगों और कल्पना के माध्यम से अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कई विद्यार्थियों के चित्रों में प्रकृति, सामाजिक सरोकार और आधुनिक सोच की झलक देखने को मिली, जिसने परीक्षकों को भी प्रभावित किया.
पूरी परीक्षा कदाचारमुक्त और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई. परीक्षा की निगरानी और मूल्यांकन का दायित्व रानीगंज स्थित भारत कला केंद्र के अनुभवी आर्ट शिक्षक काजल पाल ने निभाया. उनके मार्गदर्शन में परीक्षा पारदर्शिता और अनुशासन के साथ पूरी हुई.
इस अवसर पर काजल पाल ने कहा कि कला केवल एक विषय नहीं, बल्कि भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है. वहीं फाइन आर्ट सेंटर के आर्ट शिक्षक गौरब कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परीक्षाएं छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उनकी रचनात्मक सोच को विकसित करती हैं. कार्यक्रम में न्यू जनरेशन स्कूल के निदेशक अलाउद्दीन अंसारी भी उपस्थित रहे. उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष जताते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ- साथ कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है. उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
यह वार्षिक परीक्षा विद्यार्थियों के लिए न केवल मूल्यांकन का माध्यम बनी, बल्कि उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाने का एक प्रभावी मंच भी साबित हुई.

