जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर मिहिजाम थाना पुलिस ने कांड संख्या 66/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. प्राथमिकी 7 सितंबर 2026 को दर्ज की गई है.


पुलिस के अनुसार, पीड़िता मिहिजाम थाना क्षेत्र की रहने वाली है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने एकमत होकर उसे डराया-धमकाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. कथित घटना मिहिजाम स्थित आरएस लाइब्रेरी के समीप की बताई गई है.
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौरव रितिक, पिता अरविंद कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
प्राथमिकी में सपना रजक, श्याम समेत दो अन्य युवकों को भी आरोपी बनाया गया है. पुलिस अब नामजद आरोपियों की भूमिका के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है.
मिहिजाम थाना प्रभारी सह मामले के अनुसंधानकर्ता प्रदीप राणा के नेतृत्व में जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. अनुसंधान में सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

