चाईबासा: वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड से संबद्ध शैक्षिक संस्था श्रीहरि वनवासी विकास समिति द्वारा संचालित सोनुआ के दीनदयाल शिशु विद्या मंदिर, निश्चितपुर में परीक्षाफल वितरण सह अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया. इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ अभिभावकों और आचार्यों के बीच बच्चों की शिक्षा, अनुशासन और संस्कार को लेकर संवाद किया गया.


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला निरीक्षक हीरालाल महतो, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव हरेश्वर महतो, सदस्य गंगाधर महतो और अभिभावक प्रतिनिधि रानी बांदिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया.
जिला निरीक्षक हीरालाल महतो ने संगठन के उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी. प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों और आचार्यों के बीच निरंतर संवाद और सहभागिता जरूरी है. उन्होंने डायरी, पाठ्यक्रम, मासिक परीक्षा, परीक्षाफल, अभिभावक संपर्क, अनुशासन और संस्कार सहित विभिन्न विषयों पर अभिभावकों से चर्चा की.
इस दौरान प्रश्न मंच प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन समिति ने सम्मानित किया. प्रोत्साहन स्वरूप इन विद्यार्थियों का चालू सत्र का छह माह का विकास शुल्क माफ करने की घोषणा की गई.
कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत नृत्य और पारंपरिक संथाली नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. इसके बाद कक्षावार परीक्षाफल का वितरण किया गया. कार्यक्रम का संचालन आचार्य मनोज भारती ने किया और शुभकामना मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ.
मौके पर आचार्य अश्विनी दाश, रमेश महतो, विष्णु दास, गोपेश प्रधान, सुजीत प्रधान, रोहित प्रधान, आचार्या प्रीति प्रधान, सरिता प्रधान, सुलेखा महतो, तारामनी हांसदा, निर्मला सतपथी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

