जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने टाटा मोटर्स के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और 15 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली. घटना रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर संख्या K-2/6 की है. रविवार रात परिवार के वापस लौटने पर चोरी का पता चला. सूचना मिलने के बाद टेल्को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


क्वार्टर में टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ रहते हैं. उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं. शनिवार को उनका बेटा हैदराबाद से घर आया था. क्वार्टर में जगह कम होने के कारण परिवार घर में ताला लगाकर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चला गया था.
रविवार रात परिवार क्वार्टर लौटा तो अंदर कमरों का सामान बिखरा मिला. दूसरे कमरे की अलमारी खुली थी और उसमें रखा गहनों का बैग गायब था. शमशेर खान के अनुसार बैग में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने थे. इसके अलावा 15 हजार रुपये नकद भी गायब मिले.
दीवार पर मिले हाथ-पैर के निशान
शमशेर खान के मुताबिक चोर क्वार्टर की पिछली दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और पिछले दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे. वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से निकल गए. पिछली दीवार पर हाथ और पैर के निशान मिलने की बात भी सामने आई है.
टेल्को पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है. आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस वारदात में शामिल लोगों की पहचान के साथ उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास कर रही है. गहनों की कीमत फिलहाल गृहस्वामी के दावे पर आधारित है.

