कांड्रा: क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और दुर्गा पूजा के दौरान प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कांड्रा के नागरिकों ने थाना प्रभारी विनोद तिर्की का अभिनंदन किया. इस दौरान दुर्गा पूजा और रावण दहन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी और पुलिस बल के प्रति आभार व्यक्त किया गया.


अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने और पुलिस-जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई. उपस्थित लोगों ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी महत्वपूर्ण है. उन्होंने आपसी समन्वय और जनभागीदारी को और मजबूत करने पर जोर दिया.
इस अवसर पर थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने काण्ड्रा के लोगों को आगामी काली पूजा, दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों के सरल और शांत स्वभाव की सराहना करते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
कार्यक्रम में आनंद वार्ष्णेय,मृत्युंजय बर्मन, डॉ. जोगिंदर प्रसाद, सुबोध सिंह, हरेकृष्ण मालवीय, समेत क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ-साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक एकता को और मजबूत करना रहा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

