चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांड्राशाली ओपी क्षेत्र में एक महिला का सड़ा-गला शव उसके घर के अंदर दफन अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान गुरुवारी हांसदा के रूप में हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. महिला की हत्या का आरोप उसके पति पर लगाया जा रहा है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा.


मृतका की बेटी नागेश्वरी गागराई के अनुसार उसके पिता कोई नियमित काम नहीं करते थे और खाने-पीने सहित घरेलू बातों को लेकर उसकी मां के साथ अक्सर मारपीट करते थे. परिवार के अन्य सदस्यों के घर पर नहीं रहने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी.
दो-तीन दिनों से नहीं दिखी महिला, घर खोला तो उड़े होश
बेटी के मुताबिक पड़ोसियों से जानकारी मिली कि उसकी मां दो-तीन दिनों से दिखाई नहीं दे रही है. रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजन गांव पहुंचे. घर के बाहर ताला लगा हुआ था. ताला खोलकर अंदर जाने पर महिला को घर के भीतर ही दफन किए जाने की जानकारी सामने आई.
बताया जा रहा है कि मृतका की सभी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा चेन्नई में काम करता है. परिवार उसके लौटने का इंतजार कर रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. महिला की मौत कैसे हुई, उसे किसने और किन परिस्थितियों में घर के अंदर दफन किया तथा पति की भूमिका क्या है, इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद सामने आएगा.

