खरसावां: दशहरा मेला के अवसर पर खुंटपानी प्रखंड के कुमारलोटा गांव में यंग राइजिंग स्टार क्लब की ओर से आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार देर शाम समापन हुआ. फाइनल मुकाबले में पीएससी चोंयासाई ने जोंको ब्रदर्स बिंदीबासा को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.


विजेता पीएससी चोंयासाई को खस्सी के साथ 35 हजार रुपये और उपविजेता जोंको ब्रदर्स बिंदीबासा को खस्सी के साथ 30 हजार रुपये देकर पुरस्कृत किया गया. तीसरे स्थान पर रही दुंबीसाई की टीम को खस्सी के साथ 20 हजार तथा चौथे स्थान पर रही दिव्यानी एफसी को खस्सी के साथ 15 हजार रुपये मिले. पांचवें से आठवें स्थान तक की टीमों को 11-11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया.
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है खेल: दशरथ गागराई
समापन समारोह के मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी बासंती गागराई ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देती हैं. फुटबॉल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है.
वहीँ समाजसेवी बासंती गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है.
कार्यक्रम में डीडीसी प्रवीण गागराई, विधायक प्रतिनिधि दुर्गा चरण पाडिया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसरा, मुखिया माधुरी हेंब्रम, बीरसिंह हेंब्रम, डिंबू तियू, सतीश पुरती सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

