चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ स्थित दीनदयाल शिशु विद्या मंदिर, निश्चिंतपुर में रविवार को वनवासी कल्याण केंद्र द्वारा आयोजित दो दिवसीय झारखंड प्रांत स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों के 16 विद्यालयों की फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं.


प्रतियोगिता का उद्घाटन सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा और वनवासी कल्याण केंद्र के राज्य स्तरीय पदाधिकारियों ने किया. इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. उद्घाटन समारोह में वनवासी कल्याण केंद्र के पदाधिकारियों ने संगठन के इतिहास और खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला.

खेल प्रतियोगिता की शुरुआत मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा फुटबॉल को किक मारकर की गई. प्रतियोगिता का पहला मुकाबला सिमडेगा और निश्चिंतपुर की टीमों के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में निश्चिंतपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 गोल से जीत दर्ज की.
कार्यक्रम में वनवासी कल्याण केंद्र की तनुजा मुंडा, प्रमोद भगेरिया, सोनुआ प्रखंड की उपप्रमुख रचना महतो, सेवानिवृत्त डीएसपी रामेश्वर तैसुम, शिवेंद्र लाल मानिक, ब्रजेश कुमार, हरेश्वर महतो सहित कार्यकारिणी सदस्य और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
सोमवार को होगा प्रतियोगिता का समापन
दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन सोमवार को होगा. समापन समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गुरुचरण नायक अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

