सरायकेला: शहर में कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से रविवार को सरायकेला पुलिस ने व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख चौक- चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च करते हुए अड्डेबाजी, हुड़दंग और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी.



पैदल गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह जुटे युवकों और अड्डेबाजी कर रहे लोगों को हटाया. साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क पर अनावश्यक जमावड़ा लगाकर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा कि शहर में कानून का राज कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
थाना प्रभारी विनय कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से पैदल गुजरे और बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान कई स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने की भी हिदायत दी गई.
गश्ती अभियान के दौरान थाना प्रभारी ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरायकेला थाना पुलिस आम लोगों और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. साथ ही अपील की कि यदि कहीं रंगदारी, चोरी, छिनतई, संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर में नियमित रूप से पैदल गश्ती अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावनाओं को पहले ही समाप्त करना है. सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी, हुड़दंग और कानून- व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है. भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि अपराधियों और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे तथा आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में अपना दैनिक जीवन व्यतीत कर सकें.
प्रमोद सिंह (संपादक)





