जामताड़ा: दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के उद्देश्य से आसनसोल रेल मंडल के डॉग स्क्वाड और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जामताड़ा एवं विद्यासागर रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया. इस दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्रियों के सामान और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई.जांच अभियान में हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के साथ एक्सप्लोसिव डिटेक्टर डॉग की भी मदद ली गई.


अभियान में आसनसोल डॉग स्क्वाड के एएसआई विधान डे, हेड कांस्टेबल डीसी महतो तथा विस्फोटक पदार्थों का पता लगाने के लिए प्रशिक्षित डॉग मैक्स शामिल था. टीम ने जामताड़ा और विद्यासागर स्टेशन पर पहुंचकर प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, स्टेशन परिसर तथा यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान मेटल डिटेक्टर की सहायता से भी जांच की गई. डॉग स्क्वाड ने स्टेशन के विभिन्न हिस्सों में संदिग्ध वस्तुओं और संभावित विस्फोटक पदार्थों की तलाश की.
जामताड़ा आरपीएफ की ओर से एसआई आरके पांडेय, एसआई सौरभ कुमार एवं एएसआई शमशुल अंसारी अभियान में शामिल रहे. वहीं विद्यासागर स्टेशन पर आरपीएफ के एएसआई जयंतो राय, कांस्टेबल हराधन कुशवाहा एवं कांस्टेबल राजेश कुमार सिंह ने सुरक्षा जांच में सहयोग किया. पूरा अभियान जामताड़ा आरपीएफ प्रभारी की निगरानी में संचालित किया गया.
चलती जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी हुई जांच
स्टेशन परिसर तक ही सुरक्षा अभियान सीमित नहीं रहा। आरपीएफ एवं डॉग स्क्वाड की टीम ने 12024 डाउन जनशताब्दी एक्सप्रेस में भी जांच अभियान चलाया. जामताड़ा आरपीएफ के मो. असलम, एसआई शमशुल अंसारी तथा डॉग स्क्वाड की मौजूदगी में ट्रेन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया गया.इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संदिग्ध वस्तुओं और सामान की जांच की गई.
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना है. दीपावली और छठ के मौके पर बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों को लौटते हैं. ऐसे में स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने के साथ सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं. इसे देखते हुए आरपीएफ की ओर से निगरानी और जांच अभियान तेज किया गया है.रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन सतर्कता बरत रहा है. स्टेशन परिसर से लेकर चलती ट्रेनों तक सुरक्षा जांच का उद्देश्य यात्रियों में भरोसा कायम करना और किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटना है.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

