आदित्यपुर: गम्हरिया थाना प्रकरण को लेकर क्षेत्र में जारी हलचल के बीच रविवार शाम आरआईटी थाना क्षेत्र के मिरूडीह साप्ताहिक हाट में एक महिला पर चाकू से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में मौत हो गई.


मृतका की पहचान 32 वर्षीय राधिका सावेया, पति गुलशन सावेया, निवासी गोविंदपुर, राजनगर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार को मिरूडीह में लगने वाले साप्ताहिक हाट में देर शाम महिला खून से लथपथ अवस्था में पाई गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया. महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
हमलावर कौन, हत्या की वजह क्या ?
महिला पर हमला किसने और किन कारणों से किया, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस घटना के समय हाट में मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ हमलावर की पहचान करने में जुटी है.
महिला राजनगर के गोविंदपुर से मिरूडीह साप्ताहिक हाट कैसे और किसके साथ पहुंची थी, घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में थी और हमले के पीछे क्या वजह रही, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

