आदित्यपुर: आरआईटी थाना क्षेत्र के मिरूडीह साप्ताहिक हाट में रविवार देर रात महिला की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को चंद घंटे के भीतर बड़ी सफलता मिलने की सूचना है. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने हत्या के संदेह में विजय बानरा नामक शख्श को देर रात करीब तीन बजे राजनगर क्षेत्र से हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि पुलिस की ओर से गिरफ्तारी अथवा पूरे घटनाक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.


गौरतलब है कि रविवार शाम मिरूडीह साप्ताहिक हाट के समीप राधिका सावेया गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी. पुलिस ने उसे गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति में टाटा मुख्य अस्पताल रेफर किया गया. टीएमएच में इलाज के दौरान राधिका की मौत हो गई.
रिश्तों में तनाव की कहानी आई सामने
सूत्रों के मुताबिक राधिका विधवा थी और उसकी दो बेटियां हैं. वह मजदूरी करने के साथ प्रत्येक रविवार मिरूडीह साप्ताहिक हाट में हड़िया बेचती थी. इसी दौरान राजनगर निवासी विजय बानरा से उसके संबंध बने और दोनों ने कथित तौर पर शादी कर ली थी.
बताया जा रहा है कि बाद में दोनों के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए. सूत्रों का दावा है कि राधिका की बेटियों को साथ रखने को लेकर दोनों के बीच विवाद था. इसके बाद राधिका मिरूडीह में अपने एक रिश्तेदार के यहां रहने लगी थी.
सूत्रों के अनुसार घटना से करीब दो दिन पहले विजय ने राधिका के भाई को फोन कर कथित तौर पर धमकी भी दी थी. पुलिस इस दावे सहित दोनों के आपसी संबंधों और घटनाक्रम की जांच कर रही है.
हाट से लौटते समय हमला किए जाने का संदेह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार को राधिका साप्ताहिक हाट में हड़िया बेचने पहुंची थी. आरोप है कि लौटने के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया. हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल अनुसंधान शुरू किया. सूत्र बताते हैं कि जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस विजय बानरा तक पहुंची और देर रात उसे राजनगर क्षेत्र से हिरासत में ले लिया.
फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के कारण, हमले की परिस्थितियों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जानकारी जुटा रही है. पुलिस के आधिकारिक खुलासे के बाद ही हत्या के कारण और आरोपी की भूमिका की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

