बोकारो: चास के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. शहर में वर्षों से बनी जाम की समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जोधडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री ने पत्र के माध्यम से धनबाद सांसद को दी है. बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने भी प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की पुष्टि की है.



जानकारी के अनुसार, धनबाद-पुरुलिया मुख्य मार्ग पर स्थित जोधडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक का इलाका लंबे समय से भारी ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है. जोधडीह मोड़ पर चौराहा होने के कारण वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता है, जिससे कई बार लोगों को घंटों तक जाम में फंसना पड़ता है. इस कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है.
इसी समस्या को देखते हुए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा गया था. अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद लोगों में खुशी का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि फ्लाईओवर बनने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी.
हालांकि, फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अपनी चिंताएं भी जताई हैं. चास नगर निगम के वार्ड पार्षद राहुल कुमार का कहना है कि फ्लाईओवर बनने से छोटे दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ सकता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जोधडीह मोड़ पर जाम की मुख्य वजह एनएचएआई की लापरवाही है. उनके अनुसार निर्माण कार्य के दौरान यहां गोलंबर नहीं बनाए जाने से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई है.
वहीं, आजसू नेता अशोक महतो ने फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्ताव का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि चास की लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या के समाधान के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों की समस्याओं का भी ध्यान रखने की आवश्यकता बताई.
इधर, बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की ओर से जो प्रस्ताव विभाग को भेजा गया था, उसी को मंजूरी मिली है. उन्होंने उम्मीद जताई कि फ्लाईओवर बनने के बाद चास के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी. साथ ही समिति की अन्य अनुशंसाओं को भी चरणबद्ध तरीके से लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





