रांची: वरिष्ठ पत्रकार एवं एक्सपर्ट मीडिया/ राजनामा डॉट कॉम और नालंदा दर्पण के प्रबंध निदेशक- संपादक मुकेश कुमार भारतीय ने अपने ओरमांझी स्थित आवासीय कार्यालय परिसर को निशाना बनाकर बमबाजी किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है. उनके मुताबिक शनिवार देर रात करीब 11:56 बजे अज्ञात कार सवारों ने NH-33 फोरलेन स्थित परिसर की ओर एक के बाद एक करीब 5-6 सुतली बम फेंके.


मुकेश भारतीय के अनुसार घटना के समय वह कार्यालय के अंदर न्यूज वेबसाइट अपडेट कर रहे थे. परिसर में उनकी थार और स्कूटी भी खड़ी थी. पूरी घटना के कुछ हिस्से वहां लगे CCTV कैमरों में कैद होने की बात कही गई है.
उन्होंने बताया कि सूचना दिए जाने के बाद 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची. उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी थाना में लिखित शिकायत देने की बात कहकर चले गए. हालांकि इस संबंध में पुलिस का आधिकारिक पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है.
हमले की वजह को लेकर कई सवाल
मुकेश भारतीय ने घटना के पीछे किसी व्यक्ति अथवा समूह पर सीधे आरोप लगाने से इनकार किया है. उन्होंने सवाल उठाया है कि यह किसी व्यक्तिगत रंजिश, धमकी या उनकी पत्रकारिता से जुड़ा मामला था, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बिना जांच किसी नतीजे पर पहुंचना उचित नहीं होगा. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी घटनाओं से उनका पत्रकारिता का काम प्रभावित नहीं होगा.
मुकेश भारतीय ने पुलिस- प्रशासन से CCTV फुटेज की जांच, घटना में कथित रूप से इस्तेमाल कार की पहचान और इसमें शामिल लोगों का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
घटना की वास्तविक परिस्थितियां, विस्फोटक की प्रकृति और इसके पीछे का उद्देश्य पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पत्रकार की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई का इंतजार है.

