सरायकेला: जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून- व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरायकेला- खरसावां पुलिस ने निगरानीशुदा अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर रविवार को चौका थाना परिसर में थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र के दागी एवं निगरानीशुदा अपराधियों की विशेष परेड कराई गई. इस दौरान सभी की उपस्थिति दर्ज की गई, पहचान एवं वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई.


पुलिस ने दागियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध की दुनिया से दूरी बनाएं, अन्यथा कानून के शिकंजे से बच पाना संभव नहीं होगा. अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा किसी आपराधिक घटना में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध बिना किसी रियायत के कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
परेड के दौरान अपराधियों के निवास, गतिविधियों और सामाजिक व्यवहार की भी जानकारी ली गई. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें कानून का सम्मान करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी. साथ ही यह भी बताया गया कि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी.
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दागियों की नियमित परेड कराई जा रही है. इसका उद्देश्य अपराध की पुनरावृत्ति रोकना, अपराधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखना तथा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना है. उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां पुलिस की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराधी तत्वों की मौजूदगी या कानून- व्यवस्था से जुड़ी कोई जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
पुलिस का मानना है कि दागियों की नियमित परेड और सतत निगरानी से अपराधियों में कानून का भय बना रहता है तथा जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलती है. इसी उद्देश्य से विभिन्न थाना क्षेत्रों में समय- समय पर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

