सरायकेला: खेल के मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने वाले चंपई कप के आयोजक प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद मैदान की सफाई में भी पीछे नहीं रहे. दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन के बाद सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा के नेतृत्व में चंपई कप के पदाधिकारियों और दर्जनों समर्थकों ने सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में सफाई अभियान चलाया.


आयोजन की चमक के पीछे छूट गई गंदगी को साफ कर उन्होंने खेल मैदान के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया. जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम में काफी गंदगी जमा हो गई थी. ऐसे में स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास करने और खेल गतिविधियों में किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए स्टेडियम की साफ-सफाई जरूरी थी। उन्होंने अपने समर्थकों और चंपई कप के सदस्यों के साथ खुद सफाई अभियान में हिस्सा लिया.
सोनाराम बोदरा ने कहा चंपई कप का आयोजन करना जितना हमारा दायित्व है, उतना ही आयोजन के बाद स्टेडियम को साफ-सुथरा रखना भी हमारी जिम्मेदारी है. बिरसा मुंडा स्टेडियम स्थानीय खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण खेल मैदान है. यहां खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास करते हैं. प्रतियोगिता के बाद गंदगी के कारण उन्हें परेशानी नहीं होनी चाहिए. इसलिए हमने अपने सदस्यों और समर्थकों के साथ मिलकर पूरे स्टेडियम की सफाई की.
खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ खेल मैदान की स्वच्छता और संरक्षण भी हम सभी का कर्तव्य है.
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ मैदान की स्वच्छता और खिलाड़ियों की सुविधा का ध्यान रखना भी जरूरी है. चंपई कप के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ खेल मैदान को बेहतर बनाए रखने की दिशा में भी प्रयास जारी रहेंगे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

