जामताड़ा: दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय प्रजापति हिरोज ऑर्गेनाइजेशन (BPHO) की ओर से मेझिया स्थित धंधुर डागाल शिव मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया. इस दौरान 1008 मिट्टी के दीप प्रज्वलित कर प्रकाश पर्व मनाया गया. सैकड़ों दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा. आयोजन में बड़ी संख्या में माताएं, बहनें, युवा और गांव के गणमान्य लोग शामिल हुए.


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय सभ्यता, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करना तथा नई पीढ़ी को मिट्टी के दीयों के महत्व से अवगत कराना था. आयोजकों ने आधुनिक पाश्चात्य विद्युत लाइटों के बजाय मिट्टी के दीयों से दीपावली मनाने पर जोर दिया. उनका कहना था कि मिट्टी के दीये हमारी प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं. साथ ही इनका उपयोग पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ पारंपरिक कुम्हार समुदाय की आजीविका को भी प्रोत्साहित करता है. कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष भागीरथ पंडित, सचिव काजल पंडित एवं महासचिव उज्ज्वल पंडित ने किया.
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भागीरथ पंडित ने कहा कि कुम्हार समाज सदियों से मिट्टी के बर्तन और दीये बनाकर भारतीय संस्कृति एवं परंपरा को जीवित रखे हुए है. मिट्टी के दीये हमारी विरासत हैं. इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को दीपावली पर कुम्हार भाइयों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीये अपनाने चाहिए, ताकि हमारी परंपरा के साथ-साथ उनके रोजगार को भी बढ़ावा मिल सके.
वहीं काजल पंडित, रमेश पंडित और उज्ज्वल पंडित ने भी अपने विचार रखे. सभी ने मिट्टी के दीये जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं और स्वदेशी परंपराओं को अपनाने का संदेश दिया.
इस दौरान आयोजन समिति की ओर से उपस्थित गणमान्य अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.
इनकी रही सहभागिता
कार्यक्रम में भागीरथ पंडित, उज्ज्वल पंडित, काजल पंडित, रमेश पंडित, हाराधन पंडित, बबलू पंडित, राजकुमार पंडित, रुबेन पंडित, कार्तिक पंडित, सोनाराम पंडित, राहुल पंडित, झंटू पंडित, निरंजन पंडित, मनोज पंडित, उज्ज्वल दत्ता, मनोरंजन मंडल, तपन भंडारी, गुणाधर पंडित, आशुतोष पंडित, प्रफुल्ल पंडित, सचिन पंडित, लखन दास, राहुल दास, सुजय गोराई, पवन पंडित, केशव पंडित, चंपा पंडित, रिया पंडित, सुमित्रा देवी, ऋतु पंडित, माही पंडित, पूर्णिमा कुमारी, जमुना देवी, अजय पंडित, भजारी पंडित, चरण पंडित, जयदेव पंडित, खिरोधर पंडित, तपन पंडित, सपन पंडित, राजा पंडित, असीम पंडित एवं नारायण पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

