सरायकेला: राजनगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में पहल तेज कर दी है. इसी कड़ी में मंगलवार को राजनगर थाना परिसर में थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा की अध्यक्षता में क्षेत्र के व्यापारियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई.


बैठक में सोना- चांदी व्यवसायी, दवा दुकानदार, पेट्रोल पंप संचालक समेत अन्य बड़े व्यापारी शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस एवं व्यवसायियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था.
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर “मिशन जागरूक” अभियान के तहत यह बैठक आयोजित की गई है, ताकि क्षेत्र में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
उन्होंने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि दुकान बंद करने के दौरान कीमती सामानों को सुरक्षित स्थान या अपने घर ले जाएं. साथ ही सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम से कम एक महीने का बैकअप सुरक्षित रखने की सलाह दी गई.
थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे या किसी प्रकार की आपराधिक आशंका हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. बैठक में मौजूद व्यापारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव दिए और पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न बाजारों से पहुंचे कई व्यापारी मौजूद रहे.
Report- Rasbihari Mandal

