कांड्रा: थाना अंतर्गत लाहकोठी में शुक्रवार देर शाम करीब 60 वर्षीय गुरुचरण कालिंदी का शव घर की छत से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया.


जानकारी के अनुसार, गुरुचरण कालिंदी लाहकोठी में अपने दो बेटों के साथ रहते थे. परिवार में एक बेटे की बहू भी साथ रहती थी. घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था. उनका एक बेटा शिवनाथ कालिंदी अपनी दुकान पर था, जबकि बड़े बेटे बासुदेव कालिंदी दो दिन पहले अपने परिवार के साथ ससुराल गए हुए थे.
बताया जाता है कि ग्रामीणों ने घर के बाहर छत से गुरुचरण कालिंदी को लटका हुआ देखा. शव के नीचे एक सीढ़ी भी लगी हुई थी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल परिवार के सदस्यों और पुलिस को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के संबंध में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

