बोकारो: भवानीपुर मौजा के खाता नंबर 13 की जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. जमीन पर कब्जे, स्वामित्व और निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं. एक पक्ष अपनी मांगों को लेकर डीसी कार्यालय के पास भूख हड़ताल पर बैठा है, वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने धरना देकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.


धरने पर बैठे पक्ष का दावा है कि जमीन पूर्व में दूसरे पक्ष के पूर्वजों से खरीदी गई थी. इसके बाद जमीन की खरीद-बिक्री हुई और कई परिवारों ने मकान बनाकर रहना शुरू कर दिया. उनका आरोप है कि अब उनके जमीन संबंधी दस्तावेजों को गलत बताते हुए निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है.
धरने में शामिल दलित परिवारों का दावा है कि जमीन विवाद को लेकर वे हाईकोर्ट तक गए हैं और टाइटल सूट में भी फैसला उनके पक्ष में आया है. उनका आरोप है कि इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है. उन्होंने इस विवाद से 13 परिवारों के प्रभावित होने की बात कही है.
दूसरी ओर जमीन पर दावा करने वाला पक्ष भूख हड़ताल के माध्यम से प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहा है. दोनों पक्षों की अलग-अलग दावेदारी के बीच अब प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर मामले के समाधान का इंतजार है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

