जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के आदर्श नगर बस्ती में शनिवार सुबह बिल्डिंग मटेरियल लदा एक हाईवा बिजली के खंभे से टकरा गया. टक्कर से हाईटेंशन तार लगा बिजली का दो पोल गिर गया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. एक पोल संजय सिंह के मकान पर गिरा जिससे उनका मकान क्षतिग्रस्त हुआ है.


बताया जा रहा है कि पोल गिरते ही बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना के समय आसपास लोगों की मौजूदगी नहीं थीं. घटना शनिवार सुबह चार बजे के आसपास की बताई जा रही है. अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी.
घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने हाईवा को घेर लिया. सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर थाने ले गई.
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर नाराजगी जताई. वहीं क्षतिग्रस्त बिजली के खंभे के कारण इलाके की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई है.

