जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित शांति निकेतन मिडल एंड हाई स्कूल परिसर में शकुंतला हिंदी साहित्य एवं सांस्कृतिक दर्पण मंच के तत्वावधान में भव्य कवयित्री सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें रांची और जमशेदपुर से पहुंचीं कवयित्रियों ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया.

पूरे कार्यक्रम के दौरान साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों की गूंज सुनाई दी. कार्यक्रम का संचालन मंच की संस्थापक कवयित्री अंकिता सिन्हा ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना से हुई, जिसकी प्रस्तुति वीणा पांडेय भारती ने दी. इसके बाद कवयित्री उपासना सिन्हा, माधवी उपाध्याय और वीणा पाण्डेय भारती ने अपनी कविताओं के माध्यम से नारी सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता, प्रकृति प्रेम और राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. उनकी रचनाओं को श्रोताओं ने खूब सराहा.
कार्यक्रम में सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट पूजा दत्ता तथा शिक्षाविद पारस नाथ मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे.
वहीं मुखिया मायावती टुडू, उप मुखिया सुरेश निषाद, संतोष ठाकुर, कुमुद यादव, स्कूल के प्रधानाध्यापक केपी सिंह और समाजसेवी मोतीता सिंह ने संयुक्त रूप से सभी कवयित्रियों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे. आयोजन के दौरान साहित्य और संस्कृति के प्रति लोगों का उत्साह देखने लायक था.
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई प्रतिभाओं को मंच मिलता है और क्षेत्र में साहित्यिक वातावरण को बढ़ावा मिलता है.



