जमशेदपुर: आजादनगर थाना की कमान संभालने वाले नवनियुक्त थाना प्रभारी राजन कुमार का शनिवार को थाना शांति समिति के सदस्यों ने स्वागत किया. इस दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, नशे के खिलाफ कार्रवाई, सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे.


शांति समिति के अध्यक्ष शेख बदरुद्दीन, सचिव मुख्तार आलम खान, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य गुरूचरण सिंह, विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव, जमाअत-ए-उलेमा हिंद के हाफिज अनवर, हिंद आईटीआई के निदेशक डॉ. ताहिर हुसैन और इंजीनियर मोइनुद्दीन अंसारी ने राजन कुमार को शॉल एवं पुष्पगुच्छ देकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं.
नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने की उठी मांग
बैठक में शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान ने नशे और अड्डेबाजी का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पिछले दिनों क्षेत्र में अड्डेबाजी और नशे के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को आगे भी उसी गंभीरता से जारी रखने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि नशे का असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है. इससे निपटने के लिए केवल पुलिस कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सामाजिक स्तर पर जागरूकता भी जरूरी है. उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी पर अंकुश लगाने, नशे के कारोबार और सेवन के खिलाफ कार्रवाई के साथ युवाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की जरूरत बताई.
शांति समिति के सदस्यों ने कहा कि आजादनगर में अलग- अलग समुदायों के लोग रहते हैं. ऐसे में पुलिस और नागरिकों के बीच नियमित संवाद क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. समिति ने पुलिस को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनेंगे: राजन कुमार
नवनियुक्त थाना प्रभारी राजन कुमार ने कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी. आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुनकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से किसी अपराध अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद से अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.
चंदन कुमार को दी गई विदाई
कार्यक्रम में निवर्तमान थाना प्रभारी चंदन कुमार को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई. शांति समिति के सदस्यों ने उनके कार्यकाल के दौरान कानून- व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. समिति ने उम्मीद जताई कि नए थाना प्रभारी राजन कुमार पूर्व में चलाए गए सकारात्मक अभियानों को आगे बढ़ाने के साथ नशा, अड्डेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाएंगे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

