जामताड़ा: जामताड़ा-मदनकट्टा रेलखंड के नवाडीह-दुर्गापुर के समीप शनिवार सुबह रेल ट्रैक पर प्रेमी युगल के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना पोल संख्या 271/4 और 271/5 के बीच की बताई जा रही है. मृतकों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगोचिंगो गांव निवासी रॉकी कुमार मंडल और नाजिया खातून के रूप में हुई है.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.
लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखते थे. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि दोनों ने शुक्रवार शाम गांव के समीप स्थित दुर्गा मंदिर में शादी कर ली थी. हालांकि, शादी से संबंधित इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
सुबह रेल ट्रैक पर शव मिलने से मची सनसनी
शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेल ट्रैक पर दोनों के शव पड़े देखे. इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की.
घटनास्थल पर पहुंचे परिजन, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

