खूंटी: आरसी बालक मध्य विद्यालय परिसर में फादर बेनेडिक्ट बारला पर हुए जानलेवा हमले के मामले में खूंटी पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 85 हजार 747 रुपये नकद समेत वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए हैं.


घटना 20 अक्टूबर की रात की है. अगले दिन सुबह फादर बेनेडिक्ट बारला विद्यालय परिसर में खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में मिले थे. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना के बाद खूंटी में लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया. ईसाई समुदाय के आह्वान पर शहर बंद रहा और भगत सिंह चौक पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया. इसके बाद सैकड़ों लोगों ने मौन जुलूस निकालकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी. पुलिस की जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर चोरी के इरादे से विद्यालय परिसर में दाखिल हुए थे. इसी दौरान फादर के वहां पहुंचने पर हाथापाई हुई और उन पर हमला कर दिया गया. पुलिस फरार चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

