जामताड़ा: रेलनगरी चित्तरंजन स्थित गंगा बोटिंग क्लब में एक नाबालिग बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. माता-पिता के साथ घूमने पहुंची बच्ची के साथ हुई इस घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है. घटना ने क्लब परिसर में बच्चों और परिवारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


बच्ची की चीख सुनकर घबराए माता-पिता
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने माता-पिता के साथ गंगा बोटिंग क्लब घूमने गई थी. इस दौरान उसके माता-पिता पार्क में बैठे थे, जबकि बच्ची उनसे कुछ दूरी पर खेल रही थी. इसी बीच अचानक बच्ची की तेज चीख सुनकर माता-पिता घबरा गए और तत्काल उसके पास पहुंचे.
परिजनों ने बच्ची को डरा-सहमा पाया. पूछताछ करने पर बच्ची ने एक अज्ञात व्यक्ति पर उसके साथ कथित छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया. बताया जाता है कि घटना के बाद संदिग्ध मौके से फरार हो गया.
संदिग्ध की तलाश में परिजनों ने किया पीछा
घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्ची के अभिभावकों ने कथित आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. वे काफी दूर तक उसके पीछे गए, लेकिन उसे पकड़ने में सफल नहीं हो सके. इसके बाद परिजनों ने क्लब प्रबंधन को घटना की जानकारी दी.
परिवार का आरोप है कि प्रबंधन की ओर से उन्हें बच्चों पर स्वयं नजर रखने की सलाह दी गई. इस प्रतिक्रिया से परिजनों में नाराजगी बताई जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद गंगा बोटिंग क्लब में आने वाले परिवारों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मनोरंजन स्थलों पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए.
विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठ रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई. शनिवार को थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने बताया कि शिकायत के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
फिलहाल आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

