रांची: झारखंड हाईकोर्ट द्वारा मंगलवार को जारी अधिसूचना के तहत न्यायिक पदाधिकारियों के तबादले और पदस्थापन से संबंधित महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है. जारी अधिसूचना के अनुसार, जमशेदपुर फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश अजित कुमार सिंह की सेवाएं राज्य सरकार से वापस लेते हुए उनके मूल विभाग में प्रतिनियुक्ति कर दी गई है. इसके बाद उन्हें गुमला में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित किया गया है. वे इस पद पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश ध्रुव चंद्र मिश्रा का स्थान लेंगे.

वहीं दूसरी अधिसूचना के तहत ध्रुव चंद्र मिश्रा को गुमला से स्थानांतरित करते हुए हजारीबाग का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. यह पद 30 अप्रैल 2026 को पीडीजे रंजीत कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त हो रहा है.
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश की प्रति राज्य सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, विधि (न्यायिक) विभाग, महालेखाकार सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है. इस प्रशासनिक फेरबदल को न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
Santosh Kumar (Chief Editor)

