सरायकेला- खरसावां: जिले के कपाली ओपी पुलिस ने क्षेत्र में अड्डेबाजी, नशाखोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में मंगलवार देर रात विशेष छापेमारी करते हुए पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल जब्त की है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी क्षेत्र में ब्रह्मानंद हॉस्पिटल के पीछे स्थित मैदान में कुछ लोग नशा कर अड्डेबाजी कर रहे थे. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की. पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोग अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें कब्जे में लेते हुए कपाली ओपी ले आई.
बताया जा रहा है कि उक्त स्थान पर नियमित रूप से कुछ लोग इकट्ठा होकर गांजा और शराब का सेवन करते थे, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही थी. स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.

कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि जब्त मोटरसाइकिलों के कागजात तैयार कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामला न्यायालय भेजा जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों में संतोष देखा जा रहा है और लोगों ने इसे कानून- व्यवस्था की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है.
Report by Afroz Mallik

