जामताड़ा/ Manish Baranwal केंद्र सरकार की पेंशन नीति के विरोध में अखिल भारतीय झारखंड राज्य पेंशनर समाज की जिला शाखा ने शहर में काला दिवस मनाते हुए प्रदर्शन किया. पेंशनर्स ने काली पट्टी बांधकर जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

जामताड़ा कार्यालय में आयोजित प्रतिवाद सभा की अध्यक्षता मोहनलाल मिस्त्री ने की. इस दौरान जिला सचिव चंडी दास पुरी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पारित पेंशन संबंधी विधेयक से 2026 से पहले सेवानिवृत्त पेंशनरों को आठवें वेतन आयोग का लाभ मिलने पर संशय उत्पन्न हो गया है.

उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष से फेडरेशन और राज्य संगठन द्वारा लगातार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इसके विरोध में देशभर में काला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है. सभा के बाद पेंशनर्स ने प्रतिवाद जुलूस निकालते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार को ज्ञापन सौंपा और पेंशनरों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की.
प्रदर्शन में शामिल पेंशनर्स ने सरकार की नीति पर असंतोष जताते हुए कहा कि पेंशनरों के बीच भेदभाव की नीति स्वीकार नहीं की जाएगी और इसके खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा.
इस दौरान बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई.

