सरायकेला: नगर पंचायत कार्यालय में बुधवार को शिक्षा विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने की. बैठक में उपाध्यक्ष अविनाश कवि, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार दंडपाट, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सांत्वना जेना, मध्यान भोजन योजना कोषांग के राजाराम महतो समेत सभी वार्ड पार्षद, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्राचार्य उपस्थित रहे.

बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित पठन- पाठन सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी. विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने पर जोर देते हुए न्यूनतम 70 छात्रों का लक्ष्य निर्धारित किया गया.
साथ ही विद्यालयों में साफ- सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय की स्वच्छता और बच्चों से किसी भी प्रकार का सफाई कार्य नहीं कराने का निर्देश दिया गया. सभी स्कूलों में किचन गार्डन विकसित करने और “एक बच्चा-एक पेड़” अभियान चलाने की भी बात कही गई.
विद्यालयों में रंग- रोगन, खेल सामग्री, पोशाक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा जमीन अधिग्रहण से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को लिखित जानकारी देने को कहा गया.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में वार्ड पार्षद या उन्हें सीधे सूचना दें, ताकि त्वरित समाधान किया जा सके.
बैठक के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया.

