चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरोड़ा गांव में बुजुर्ग मां की हत्या कर शव जलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि नामजन बरजो नामक युवक ने सोमवार को अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी थी और सबूत मिटाने के लिए शव को आंगन में ही जला दिया था. घटना के बाद वह खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र की ओर फरार हो गया था.

पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी. अंततः स्थानीय लोगों की मदद से बुधवार को आरोपी को पकड़ लिया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी नामजन बरजो ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह मां के तानों से परेशान था और गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

