सरायकेला: सीनी ओपी क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्ती को चुनौती देते हुए शराब दुकान को निशाना बनाया. सोमवार देर रात चोर दुकान की छत का एलवेस्टर काटकर अंदर घुसे और करीब दो लाख रुपये की ब्रांडेड शराब लेकर फरार हो गए. पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.


जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर कर्मचारी घर चले गए थे. मंगलवार सुबह दुकान खोलने पर छत का एलवेस्टर कटा मिला और अंदर से शराब की कई पेटियां गायब थीं. इसके बाद सीनी ओपी पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना पर ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध दुकान के अंदर शराब की पेटियां निकालते और बोतलों को बाहर ग्रिल के पास एक-एक कर रखते दिखाई दे रहे हैं. दुकान संचालक ने चोरी गई शराब की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई है.
ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि क्षेत्र में प्रभावी गश्ती नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं. लोगों ने शराब दुकान के आसपास खुले में शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की है.
स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो रात के अंधेरे में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश कैसे लगेगा. उन्होंने रात्रि गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी की मांग की है.
अब पुलिस के सामने चुनौती सीसीटीवी में कैद दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और चोरी गई शराब बरामद करने की है. फिलहाल इस वारदात ने सीनी ओपी क्षेत्र की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

