आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के कल्पनापुरी निवासी एक महिला ने अपने जेठ राकेश कुमार झा एवं नगर निगम वार्ड संख्या 22 से चुनाव लड़ चुके प्रवीण सिंह पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है.


शिकायतकर्ता रूपा झा द्वारा थाना को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि शुक्रवार की शाम करीब 6:40 बजे उनके घर के समीप आपसी विवाद के दौरान उनके जेठ राकेश कुमार झा और प्रवीण सिंह ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया.
महिला ने अपने आवेदन में कहा है कि घटना के दौरान उनके पति के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है. घटना के बाद वह और उनका परिवार भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं.
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया है.
थाना में शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. वहीं पुलिस की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



