चांडिल: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चांडिल थाना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी के नेतृत्व में फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया.


कार्यक्रम में थाना परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया और सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया. पौधरोपण अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हरित वातावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना था.
मौके पर थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार बदल रहे पर्यावरणीय संतुलन को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अमूल्य हैं और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उन्होंने लोगों से अपने घर, विद्यालय, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है. यदि हम आज पौधे लगाएंगे और उनका संरक्षण करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और बेहतर पर्यावरण मिल सकेगा.
इस अवसर पर एसआई राहुल भारती, कमल यादव, पंचम जॉर्ज बारला सहित चांडिल थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया.

