जामताड़ा: महाराष्ट्र के गैस उपभोक्ताओं को सेवा अपडेट कराने के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर साइबर ठगी करने के आरोप में जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोड़ाटांड़ निवासी बसंत कुमार मंडल, पिता नरेश मंडल के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से तीन मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद किए हैं.


पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो के साथ कोड़ाटांड़ स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार, आरोपी मुख्य रूप से महाराष्ट्र के उपभोक्ताओं को निशाना बनाता था. वह महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) की सेवा अपडेट कराने के नाम पर उपभोक्ताओं से संपर्क करता और उनके मोबाइल पर कथित अपडेट के लिए फर्जी APK फाइल भेजता था. आरोप है कि फाइल इंस्टॉल कराने के बाद मोबाइल की महत्वपूर्ण जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था.
इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 56/26, दिनांक 8 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ BNS 2023 की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338 एवं 340(2), आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की धारा 42(3)(e) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच कर आरोपी के संपर्कों, संभावित सहयोगियों और ठगी के नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरीके से कितने लोगों को निशाना बनाया गया और ठगी की कुल रकम कितनी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

