जामताड़ा: थाना क्षेत्र के गायत्री धाम मोहल्ले में बुधवार को चार्जिंग पर खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई. आग लगने से पहले स्कूटी में कथित तौर पर एक के बाद एक दो-तीन जोरदार धमाके हुए. आवाज सुनकर घर के अंदर मौजूद परिजन बाहर निकले तो स्कूटी धू-धू कर जल रही थी. घटना से मोहल्ले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि परिवार का कोई सदस्य इसकी चपेट में नहीं आया.


पीड़िता श्रद्धा भारती के अनुसार, उन्होंने पिछले वर्ष 28 सितंबर को दुमका रोड स्थित पर्वत विहार के समीप साव एजेंसी से BQL Electric की Nexa मॉडल इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी. उनका कहना है कि इसके लिए 57 हजार रुपये का भुगतान किया गया था. परिवार का आरोप है कि खरीदने के बाद से ही स्कूटी में लगातार तकनीकी खराबियां सामने आ रही थीं. खरीद के करीब 11 महीने बाद चार्जिंग के दौरान अचानक धमाके हुए और स्कूटी आग की चपेट में आ गई.
घर तक पहुंच सकती थी आग, धमाकों से सहमे परिजन
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय स्कूटी घर के पास चार्ज हो रही थी. अचानक दो-तीन धमाकों के बाद उससे आग की तेज लपटें निकलने लगीं. परिवार का कहना है कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण नहीं होता तो आग घर तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था.
घटना के बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी, चार्जिंग सिस्टम अथवा अन्य तकनीकी कारणों को लेकर सवाल जरूर खड़े हुए हैं. हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
बिल की कीमत से ज्यादा पैसे लेने का भी आरोप
श्रद्धा भारती ने संबंधित एजेंसी पर बिल में दर्ज कीमत से अधिक राशि लेने का भी आरोप लगाया है. वहीं साव एजेंसी के प्रोपराइटर का कहना है कि इस मूल्य श्रेणी की इलेक्ट्रिक स्कूटी पर कंपनी की ओर से वारंटी-गारंटी की शर्तें सीमित हैं. दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.
पीड़ित परिवार का कहना है कि वाहन में पहले भी खराबी आने की शिकायत की गई थी, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ. अब परिवार कंपनी और विक्रेता से घटना की तकनीकी जांच, आग लगने के वास्तविक कारण का खुलासा और हुए नुकसान के संबंध में उचित समाधान की मांग कर रहा है. पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की बात भी कही है.
मामले में BQL Electric के प्रतिनिधि मानस कुमार से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. ऐसे में स्कूटी में आग लगने की वजह और कंपनी का विस्तृत पक्ष सामने नहीं आ सका है.
घटना में किसी के घायल नहीं होने से परिवार ने राहत की सांस ली है, लेकिन चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाके और आग लगने की घटना ने आसपास के लोगों के बीच भी इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

